उत्तराखंड

महुआखेड़ागंजएक पेंटिंग टूल्स फैक्ट्री में अचानक लगी भीषण आग

उत्तराखण्ड
8 जनवरी 2025
महुआखेड़ागंजएक पेंटिंग टूल्स फैक्ट्री में अचानक लगी भीषण आग
काशीपुर। नगर क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब आईटीआई थाना क्षेत्र के अंतर्गत महुआखेड़ागंज स्थित एक पेंटिंग टूल्स फैक्ट्री में अचानक भीषण आग भड़क उठी। नंद नगर इंडस्ट्रियल एस्टेट फेज-1 में स्थित इस फैक्ट्री से उठते धुएं के काले गुबार ने कुछ ही देर में पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। दूर-दूर तक दिखाई दे रहे धुएं और आग की ऊंची लपटों ने आसपास मौजूद फैक्ट्रियों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया।
बताया जा रहा है कि यह घटना आईटीआई थाना क्षेत्र की पैगा पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले महुआखेड़ागंज इलाके में हुई, जहां नंद नगर इंडस्ट्रियल एस्टेट फेज-1 के प्लॉट नंबर 11 पर डेकोर पेंटिंग टूल्स प्राइवेट लिमिटेड नाम की फैक्ट्री संचालित हो रही है। विगत दिवस दोपहर के समय अचानक फैक्ट्री परिसर से धुआं निकलता देख कर्मचारियों ने शोर मचाया और तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दी गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। वहां मौजूद कर्मचारी किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे एक बड़े हादसे की आशंका टल गई। हालांकि, आग की तीव्रता को देखते हुए यह साफ नजर आ रहा था कि फैक्ट्री के अंदर रखे कच्चे माल, तैयार माल और मशीनरी को भारी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि उन्हें कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें हरकत में आ गईं और काशीपुर के फायर स्टेशन से तुरंत दमकल की गाड़ियां घटनास्थल की ओर रवाना की गईं। आग की भयावहता को देखते हुए अतिरिक्त सहायता की जरूरत महसूस की गई, जिसके चलते आसपास की फैक्ट्रियों और अन्य फायर स्टेशनों से भी दमकल वाहनों को मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया, लेकिन फैक्ट्री में मौजूद ज्वलनशील पदार्थों और तेज हवा के कारण आग बार-बार भड़क उठ रही थी। घंटों की कड़ी मशक्कत के बावजूद आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पाना चुनौती बना रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर से लगी आग देर शाम तक लगातार सुलगती रही और कई बार ऐसा लगा कि आग पर काबू पा पा लिया गया है, लेकिन कुछ ही देर में लपटें फिर से उठने लगती थीं। इस दौरान फैक्ट्री के आसपास सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात कर दिया गया और लोगों को घटनास्थल से दूर रखा गया। स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करते रहे। फैक्ट्री के भीतर मौजूद सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, कंपनी को हुए आर्थिक नुकसान का आंकलन करना अभी बाकी है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार नुकसान काफी बड़ा बताया जा रहा है। आग लगने के कारणों को लेकर फिलहाल कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी है।
इस भीषण अग्निकांड ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों के पालन की जरूरत को उजागर कर दिया है। काशीपुर जैसे औद्योगिक क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं न केवल आर्थिक नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि सैकड़ों लोगों की जान को भी खतरे में डाल सकती हैं। गनीमत रही कि डेकोर पेंटिंग टूल्स प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में समय रहते कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई। प्रशासन, दमकल विभाग और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *