फूलों की होली खेल नगर में निकाली शोभा यात्रा
उत्तराखण्ड
23 मार्च 2024
फूलों की होली खेल नगर में निकाली शोभा यात्रा
काशीपुर। फाल्गुन महीने में होने वाले होली में जहां सभी लोग रंग और गुलाल से होली खेलते नजर आते हैं, वहीं काशीपुर में कई सालों से फूलों की होली खेलने का प्रचलन है। होली से एक दिन पूर्व शहर में फूलों की होली खेली जाती है और शोभायात्रा भी निकाली जाती है। पिछले 11 सालों से काशीपुर में फूलों की होली खेली जा रही है। काशीपुर की सड़कों पर होली की मस्ती में नाचते गाते शहरवासियों ने 11 साल पहले जिस नई परंपरा को जन्म दिया था, उसी को निभाते हुए आज फूलों की होली खेलते नजर आ रहे हैं और नगर में मुख्य बाजार, रतन सिनेमा, डा0 लाइन, मुंशी राम चौराहा होते हुए शोभायात्रा निकाली गयी, जिसका आगाज गंगे बाबा मंदिर से हुआ। शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण राधा कृष्ण का डोला और नृत्य कलाकार हैं, जो ग्वालों के साथ जमकर फूलों की होली खेलते हुए नृत्य कर रहे हैं। शोभायात्रा का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया जा रहा है। श्रृद्धालुजन राधा-कृष्ण के दर्शन कर रहे हैं।