फर्जी स्थायी निवास प्रमाणपत्र मामले में तहसील पहुंची टीम 15 को नोटिस
उत्तराखण्ड
20 नवम्बर 2025
फर्जी स्थायी निवास प्रमाणपत्र मामले में तहसील पहुंची टीम 15 को नोटिस
हल्द्वानी। प्रशासन और राजस्व विभाग के अधिकारी फर्जी स्थायी निवास प्रमाणपत्र मामले के उजागर होने के बादहरकत में आए हैं। दोनों विभागों के अफसरों की टीम ने बुधवार को तहसील परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई अनियमित्ताएं उजागर हुईं। स्टांप बैंडर की ओर से नियम विरुद्ध डीड राइटिंग व पेटिशन ड्राफ्टिंग का कार्य किया जा रहा था। अनियमित्ताएं मिलने पर एसडीएम ने 15 लोगों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। इन सभी की भूमिका और कार्य की अलग-अलग जांच भी शुरू कर दी गई है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर बुधवार को दोपहर बाद अधिकारियों की टीम तहसील परिसर पहुंची। उन्होंने डीड राइटर, पेटिशन राइटर, स्टाम्प वेंडर व नोटरी अधिवक्ताओं से वार्ता की और सभी को स्पष्ट निर्देश दिए कि वह अपना कार्य कानून, नियमों एवं विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप करें। उन्होंने बताया कि जांच व प्रवर्तन की कार्रवाई आगामी दिनों में भी जारी रहेगी। इसके लिए एक टीम गठित कर दी गई है।


