उत्तराखंड

पुलिस ने अवैध पटाखा गोदाम पर मारा छापा, 7 लाख रुपए के अवैध पटाखे बरामद

उत्तराखण्ड
11 अक्टूबर 2025
पुलिस ने अवैध पटाखा गोदाम पर मारा छापा, 7 लाख रुपए के अवैध पटाखे बरामद
रुड़की। यूपी के कानपुर और अयोध्या की घटना के बाद उत्तराखंड पुलिस ने भी अवैध पटाखों को लेकर सख्ती बरतनी शुरू कर दी है. हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध पटाखा गोदाम पर छापा मारा है.

मौके से पुलिस ने करीब 17 लाख रुपए के अवैध पटाखे बरामद किए हैं. इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से बरामद विस्फोटक सामग्री को सील कर कब्जे में लेते हुए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है.

बता दें कि यूपी के कानपुर और अयोध्या में बीते दिनों अवैध पटाखों के कारण बड़ा विस्फोट हुआ था, जिसमें कई लोग बुरी तरह झुलस भी गए थे. इसी को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार में अवैध पटाखों के भंडार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने भी इस मामले में सभी थाना प्रभारियों को दिशा-निर्देश जारी किए थे, जिस पर ये कार्रवाई हो रही है.

इसी के साथ सभी आमजन से भी अपील की गई है कि उनके क्षेत्र में अवैध पटाखों के गोदाम या बिक्री की जा रही है तों इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे किसी बड़ी घटना होने से पहले उसे रोका जा सके. इसी क्रम में दीपावली पर्व को लेकर जनपद में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के चलते पिरान कलियर थाना पुलिस द्वारा बड़ी कार्रवाई की है.

पुलिस को सूचना मिली कि पिरान कलियर थाना क्षेत्र के इमलीखेड़ा गांव में मंदिर के पास घनी आबादी में एक व्यक्ति के घर में अवैध रूप से भारी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. इस सूचना पर तत्काल पिरान कलियर थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्वारा पुलिस टीम गठित की गई. इसके साथ ही तहसीलदार रुड़की विकास अवस्थी को भी मौके पर बुलाकर संयुक्त रूप से छापामारी की गई.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली तो घर में दो कमरे पटाखे भरे हुए थे. 35 बड़ी गत्ते की पेटियों में भरकर पटाखे रखे गए थे. जिनमें अलग-अलग प्रकार के अवैध पटाखे शामिल थे. बताया गया है कि मौके से बरामद किए गए पटाखों की कीमत लगभग 15 से 17 लाख रुपए है.

पुलिस ने जब आरोपी से पटाखों के भंडारण संबंधी लाइसेंस मांगा तो वो नहीं दिखा पाया. इससे साफ हो गया है कि उस व्यक्ति ने बिना अनुमति के अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया था. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी शुभम पाल पुत्र राधेश्याम निवासी ग्राम इमलीखेड़ा को मौके से हिरासत में लिया गया. साथ ही बरामद पटाखों को कब्जे में लिया गया और जब्त किए गए पटाखों को सुरक्षित स्थान पर रखवाकर सील कर दिया गया.

हरिद्वार एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि इमलीखेड़ा गांव में घनी आबादी के बीच बड़ी संख्या में अवैध पटाखों का निर्माण किया जा रहा था, तत्काल पुलिस द्वारा सीज की कार्रवाई की गई है, आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *