उत्तराखंड

दीपावली के लिए दुल्हन की तरह सज गया बाजार, खरीदरी के लिए पलक बिछाये बैठे दुकानदार

उत्तराखण्ड
12 अक्टूबर 2025
दीपावली के लिए दुल्हन की तरह सज गया बाजार, खरीदरी के लिए पलक बिछाये बैठे दुकानदार
काशीपुर। दीपावली पर्व के नजदीक आने के साथ बाजार दुल्हन की तरह सजने लगा है। बर्तनों से लेकर कपड़ा और इलेक्ट्रानिक उत्पादों की दुकानों में सजावट के साथ रौनक बढ़ गई है। वाहन बाजार में भी रौनक है। व्यापारियों ने दुकानों को बिजली की आकर्षक मालाओं से सजाया है। सड़क किनारे भी जगह-जगह छोटे व्यापारियों ने भी दीपावली से संबंधित दुकानें लगा दी हैं।
दीपावली पर्व का सभी लोगों को बेसब्री से इंतजार रहता है। पर्व पर नए सामान की खरीद सबसे ज्यादा होती है। इसे देखते हुए काशीपुर में रतन सिनेमा रोड, मेन बाजार, पार्क रोड, दीपावली के लिए पूरी तरह तैयार है। यहां पूरे नगर के लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। पांच दिवसीय दीपावली पर्व की शुरुआत 18 अक्तूबर को धनतेरस से हो रही है। व्यापारियों ने ग्राहकों के स्वागत के लिए पलक पावड़े बिछा दिए हैं।

मेन बाजार, नगर निगम रोड, बाताशा बाजार, जेल रोड, रतन सिनेमा रोड में व्यापारियों ने दुकानें सजा ली हैं। दिवाली के लिए कपड़ों के अलावा खील-बताशे और मिठाई की दुकानें भी सजने लग गई हैं। हर घर में ऐपण देने का रिवाज है। मिट्टी के दीये, पूजन सामग्री की दुकानों को व्यापारियों ने सामान से भर दिया है। आतिशबाजी के लिए अलग से दुकानें लगाई गई हैं।

पुरानी सब्जी मण्डी में धनतेरस के लिए बर्तन बाजार में नए-नए डिजाइन के बर्तनों की भरमार है। पूजा और रसोई में इस्तेमाल होने वाले आकर्षक डिजाइन के बर्तन आ चुके हैं। पीतल, तांबे के बर्तन भी बाजार में उपलब्ध हैं। जगह-जगह बड़ी दुकानों में आकर्षक गिफ्ट पैक उपलब्ध हैं। नगर के मॉल में ग्राहकों को लुभाने के लिए ऑफर भी दिए जा रहे हैं।

बिजली की दुकानों में झालर, मालाएं, इलेक्ट्रानिक उत्पादों की तमाम वैरायटी हैं। दीपावली पर इलेक्ट्रिक और इलेक्ट्रानिक उत्पादों की भी जमकर खरीद होती है। इसे देखते हुए फ्रिज, हीटर, वॉशिंग मशीन से लेकर टीवी आदि सामान पर आकर्षक ऑफर उपलब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *