दिल्ली धमाके के बाद उत्तराखण्ड पुलिस अलर्ट, क्षेत्रों में गश्त और चेकिंग शुरू
उत्तराखण्ड
11 नवम्बर 2025
दिल्ली धमाके के बाद उत्तराखण्ड पुलिस अलर्ट, क्षेत्रों में गश्त और चेकिंग शुरू
देहरादून। दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार धमाके की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने राज्य की सुरक्षा-व्यवस्था को कड़ा करने के निर्देश दिए हैं, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा बल पूरी तरह से सक्रिय हो गए हैं।
सुरक्षा के मद्देनजर राज्य के सभी जिलों के पुलिस प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त और चेकिंग को तुरंत बढ़ा दें। इसके बाद संवेदनशील और भीड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। राज्य में प्रवेश करने वाले हर वाहन और व्यक्ति की बारीकी से जांच की जा रही है। सभी बड़े मंदिरों, मस्जिदों और अन्य धार्मिक स्थानों की सुरक्षा बढ़ाई गई है। बाजार, मॉल, बस अड्डे और रेलवे स्टेशन जैसे भीड़ वाले स्थानों पर पुलिस की उपस्थिति बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
काशीपुर में एसपी स्वप्न किशोर सिंह के नेतृत्व में महाराणा प्रताप चौक, चीमा चौराहा, रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डा, मुरादाबाद रोड स्थित ठाकुरद्वारा-काशीपुर बॉर्डर, अलीगंज बॉर्डर पर संघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने भारी पुलिस बल के साथ वाहनों की चेकिंग की। टीमों ने ट्रेन व रोडवेज बसों से सफर कर रहे हैं यात्रियों के सामान को खोलकर जांच की। किसी भी वाहन को बिना चेकिंग के गुजरने नहीं दिया गया।


