डाक विभाग की नई पहल – प्रदेश में जेन-जी फ्रैंडली डाकघर की शुरूआत शीघ्र
उत्तराखंड
29 नवम्बर 2025
डाक विभाग की नई पहल – प्रदेश में जेन-जी फ्रैंडली डाकघर की शुरूआत शीघ्र
देहरादून। प्रदेश में युवाओं तक अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए डाक विभाग ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत प्रदेश के शैक्षणिक संस्थानों में जेन-जी डाकघर खोलने की तैयारी है। जेन-जी डाकघरों में वाई-फाई सुविधा, कॉफी शॉप जैसी व्यवस्था और आधुनिक इंटीरियर शामिल किया जाएगा। इस नए मॉडल के तहत डाकघर कॉलेज परिसरों में स्थापित किए जाएंगे जिससे ज्यादा से ज्यादा युवाओं से जुड़ सकें। इन डाकघरों में युवाओं की सुविधाओं को ध्यान में रख सेवाएं दी जाएंगी। इस पहल के जरिए डाकघर को पूरी तरह से अपग्रेड किया जाएगा जिससे युवा आकर्षित हों।
डाकघर के अधिकारियों के अनुसार डाकघर यदि छात्रों के पास पहुंचेगा तो वे इसकी सेवाओं को बेहतर समझ सकेंगे। साथ ही जेन-जी को इंटर्नशिप के अवसर भी दिए जाएंगे और डाकघर की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। जेन-जी डाकघर शुरू करने का उद्देश्य डाकघर और उसकी सेवाओं को युवाओं के लिए सहज और आकर्षक बनाना है। यह एक नया नवाचार कॉन्सेप्ट है।
इस नई पहल के पहले चरण की शुरुआत पौड़ी और नैनीताल के शैक्षणिक संस्थानों से की जाएगी। इन दोनों स्थानों पर जेन-जी फ्रैंडली डाकघर चलाए जाएंगे। दूसरे चरण में देहरादून और उसके बाद अन्य स्थानों पर भी जेन-जी डाकघर खोले जाएंगे।
मुख्य डाकघर निदेशक अनुसुया प्रसाद चमोला ने बताया कि जेन-जी डाकघर एक नया कॉन्सेप्ट है। हालांकि इसकी शुरुआत दिल्ली में हो चुकी है। यह पोस्ट ऑफिस कॉलेज में खोले जाएंगे जहां ज्यादा युवा होते हैं। जिससे हम युवाओं को डाकघर से जोड़ सकें। हम डाकघर को जेन-जी तक लेकर जाएंगे। इसकी कवायद शुरू कर दी गई है।


