जिले में ठंड के कारण सभी स्कूलों का समय संचालन बदला
उत्तराखण्ड
21 दिसम्बर 2025
जिले में ठंड के कारण सभी स्कूलों का समय संचालन बदला
रूद्रपुर। जिले के जिलाधिकारी उधम सिंह नगर द्वारा आदेश जारी कर बताया गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केन्द्र, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान अनुसार जनपद ऊधमसिंह नगर में पड़ रही अत्यधिक शीतलहर एवं घने कोहरे के कारण विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए, छात्रहित में यह आवश्यक प्रतीत हो रहा है कि विद्यालयों के संचालन समय में अस्थायी परिवर्तन किया जाए।
अतः आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा तथा अन्य सुसंगत प्रावधानों के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए, जनपद के समस्त शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त, निजी, सीबीएसई/राज्य बोर्ड एवं आंगनबाड़ी केन्द्र के लिए यह आदेश निर्गत किया जाता है कि दिनांक 22 दिसम्बर, 2025 से आगामी आदेशों तक जनपद के सभी विद्यालय/आंगनबाड़ी केन्द्र प्रातः 09.30 बजे से अपराह्न 03.30 बजे के मध्य संचालित किए जाएंगे।
यह आदेश विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी किया जा रहा है। आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उपरोक्त आदेश से विचलन आपदा प्रबन्धन अधिनियम के सुसंगत प्राविधानों का उल्लंघन माना जायेगा।


