जिले में एआई यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सक्षम वेबसाइट लॉन्च
उत्तराखण्ड
2 फरवरी 2026
जिले में एआई यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सक्षम वेबसाइट लॉन्च
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिला विकास प्राधिकरण ने एआई यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सक्षम वेबसाइट लॉन्च की है. जो शिकायत निवारण प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने में सहयोग देगा. इस वेबसाइट के माध्यम से लोग डिजिटल रूप से अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे. जिसके तहत एआई कुछ ही मिनटों में शिकायतकर्ता को शिकायत की यूनिक आईडी देगा. शिकायतकर्ता उस आईडी के माध्यम से शिकायत को ऑनलाइन ट्रैक भी कर सकता है.
90 सेकंड में विभाग और अधिकारी तक पहुंच जाएगी शिकायत- दरअसल, उधम सिंह नगर जिला विकास प्राधिकरण ने एक पहल शुरू की है. इस पहल के तहत शिकायत निवारण प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित नई व्यवस्था शुरू की है. इस नई पहल के तहत अब नागरिक अपनी शिकायतें डिजिटल रूप से दर्ज करा सकेंगे, जो महज 90 सेकंड के भीतर संबंधित विभाग और अधिकारी तक पहुंच जाएंगी.
ऑटोमेटिक ही संबंधित अधिकारी को ट्रांसफर कर देगा शिकायत- इसकी खास बात ये है कि अधिकारी अब हस्तलिखित शिकायतों की तस्वीर एआई प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर सकते हैं. एआई सॉफ्टवेयर शिकायत को पढ़कर उसका संक्षिप्त विवरण तैयार करता है. समस्या की श्रेणी तय करता है और ऑटोमेटिक ही संबंधित अधिकारी को शिकायत ट्रांसफर कर देता है. पूरी प्रक्रिया कुछ ही सेकंड के भीतर पूरी हो जाती है.
शिकायतकर्ता को मिलेगा यूनिक शिकायत आईडी- शिकायत दर्ज होते ही शिकायतकर्ता के मोबाइल पर एक यूनिक शिकायत आईडी भेजी जाती है. जिसके जरिए वो शिकायत के निस्तारण तक उसकी ऑनलाइन ट्रैकिंग भी कर सकता है. जिला विकास प्राधिकरण की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के लिए भी एआई आधारित संचार प्रणाली का परीक्षण शुरू किया है.
5 मिनट में करीब 10 हजार लाभार्थियों तक पहुंचा सकता है जानकारी- अब लाभार्थियों को किस्तों की जानकारी, भुगतान की समय सीमा और आगे की प्रक्रिया से जुड़ी सूचनाएं एआई-संचालित ऑटोमेटेड कॉल के जरिए सरल भाषा में उपलब्ध कराई जा रही है. अधिकारियों की मानें तो यह प्रणाली मात्र पांच मिनट में करीब 10 हजार लाभार्थियों तक जानकारी पहुंचाने में सक्षम है, जिससे भ्रम की स्थिति खत्म होगी और योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा.


