Blog

जसपुर में बाघ ने किया 15 साल के बच्चे का शिकार

उत्तराखण्ड
22 फरवरी 2026
जसपुर में बाघ ने किया 15 साल के बच्चे का शिकार
रुद्रपुर। जसपुर में बाघ ने 15 साल के बच्चे का शिकार किया है, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची.

बाघ के हमले के ये पूरा मामला जसपुर क्षेत्र के ग्राम तीर्थ नगर में का है. बताया जा रहा है कि शनिवार 21 फरवरी को अमरीक सिंह उर्फ बब्बू (15) पुत्र छिन्दर सिंह अपने घर के बाहर पशुओं को चारा डाल रहा था. इस दौरान पहले से घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक उस पर हमला कर दिया. हमला इतना तेज और अप्रत्याशित था कि किशोर को संभलने का मौका तक नहीं मिला.

परिवार और आसपास के लोगों को जब घटना का पता चला तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने शोर मचाकर बाघ को भगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. इस हृदय विदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.

अमरीक सिंह कक्षा 8वीं का छात्र था और परिवार का होनहार बच्चा बताया जा रहा है. गांव के लोग घटना से बेहद आक्रोशित और सहमे हुए हैं. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया.

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार बाघ को पकड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और पिंजरे लगाए जाने की तैयारी की जा रही है. साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी गई है.

जसपुर और आसपास के क्षेत्रों में पहले भी वन्यजीवों की आवाजाही की खबरें मिलती रही हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है. इस घटना ने एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष के गंभीर पहलू को उजागर कर दिया है. फिलहाल प्रशासन और वन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और बाघ को पकड़ने के प्रयास जारी हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *