उत्तराखंड

कुट्टू के आटा खाने से 11 लोगों की तबीयत बिगड़ी, अस्तपाल में भर्ती

उत्तराखण्ड
21 मार्च 2026
कुट्टू के आटा खाने से 11 लोगों की तबीयत बिगड़ी, अस्तपाल में भर्ती
रुद्रपुर। रुद्रपुर में कुट्टू के आटे से बने भोजन को खाने के बाद 11 लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है. जिससे खाद्य सुरक्षा विभाग के कान खड़े हो गए हैं. इतना ही नहीं फूड पॉइजनिंग की आशंका के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. दुकानों से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं और कई दुकानों को बंद कराया गया है.

कुट्टू के आटे से बने पकवान खाकर बिगड़ी तबीयतरू रुद्रपुर में कुट्टू के आटे से बना भोजन खाने के बाद 11 लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए. घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग दोनों ही अलर्ट मोड में आ गए हैं. बताया जा रहा है कि सभी प्रभावित लोगों ने कुट्टू के आटे से बनी चीजें खाई थीं, जिसके कुछ ही समय बाद उन्हें उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी समस्याएं होने लगीं.

अस्पताल दौड़े लोग, 6 की हालत गंभीररू हालत बिगड़ने पर सभी को आनन-फानन में रुद्रपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों के मुताबिक, 5 मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई. जबकि, 6 लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है. वहीं, मरीजों को क्या-क्या दिक्कतें हुईं? इसकी जानकारी उन्होंने दी.

वहीं, रुद्रपुर जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. एमके तिवारी की मानें तो सभी मरीजों का इलाज किया जा रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. प्रारंभिक जांच में दूषित कुट्टू के आटे से फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई है.

हरकत में आया खाद्य सुरक्षा विभाग- उधर, घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन दुकानों पर छापेमारी शुरू कर दी, जहां से पीड़ितों ने कुट्टू का आटा खरीदा था. विभाग की टीम ने सुभाष कॉलोनी, मुख्य बाजार और रम्पुरा क्षेत्र की कई किराना दुकानों से कुट्टू का आटा व मूंगफली के दानों के सैंपल लिए हैं. इन सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है.

ललित मोहन पांडे, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि खुले में कुट्टू का आटा बेचने पर रोक लगाई गई थी, लेकिन इसके बावजूद कई दुकानदार नियमों का उल्लंघन कर रहे थे. ऐसे दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. कुछ दुकानों को बंद कराया गया है और दोषी पाए जाने पर मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा.

उन्होंने ये भी कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों को खरीदने से बचें और केवल पैक्ड एवं प्रमाणित सामान का ही उपयोग करें. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और लोग खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सतर्क हो गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *