काशीपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए लिफ्ट की सेवा शुरू
उत्तराखण्ड
12 मार्च 2026
काशीपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए लिफ्ट की सेवा शुरू
काशीपुर। काशीपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को लिफ्ट की सेवा मिलनी शुरू हो गई है। बुजुर्गों, दिव्यांग के अलावा महिलाएं भी लिफ्ट का प्रयोग कर रही हैं। रेलवे स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज के दोनों ओर लिफ्ट लगाई गई है।
काशीपुर जंक्शन में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कार्य हो रहे हैं। इसके तहत पुराने कक्षों को तोड़कर नये बनाने, प्लेटफार्म का उच्चीकरण, आधुनिक शौचालय, प्रवेश-निकासी द्वार आदि कार्य किए जा रहे हैं। एक प्लेटफार्म से दूसरे पर ट्रेन पकड़ने के लिए यात्रियों को फुटओवर ब्रिज का सहारा लेना पड़ता है। उस पर चढ़ने से बचने के लिए यात्री ट्रैक पर दौड़कर ट्रेन पकड़ते हैं। इससे आए दिन यात्री ट्रेन की चपेट में आकर हादसे का शिकार हो जाते हैं। ऐसी घटनाओं की रोकथाम और बुजुर्गों की सहायता के लिए लिफ्ट लगाने की योजना के तहत काशीपुर रेलवे स्टेशन पर लगाई गई लिफ्ट ने काम करना शुरू कर दिया है। स्टेशन अधीक्षक रवि शंकर सिंह ने बताया कि लिफ्ट लगाने का काम पूरा हो गया है और यात्रियों ने लिफ़्ट को प्रयोग शुरू कर दिया है।


