उत्तराखंड

ई-रिक्शाओं के रजिस्ट्रेशन के लिए गजट नोटिफिकेशन जारी 8 अक्टूबर तक चलेगा ई-रिक्शाओं का रजिस्ट्रेशन

उत्तराखण्ड
23 सितम्बर 2025
ई-रिक्शाओं के रजिस्ट्रेशन के लिए गजट नोटिफिकेशन जारी 8 अक्टूबर तक चलेगा ई-रिक्शाओं का रजिस्ट्रेशन
काशीपुर। नगर निगम कार्यालय में मेयर दीपक बाली ने एक प्रेस वार्ता आयोजित कर बताया कि ई-रिक्शाओं के रजिस्ट्रेशन के लिए गजट नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। कल 24 सितंबर से नगर निगम क्षेत्र में चलने वाली ई-रिक्शाओं का रजिस्ट्रेशन शुरु हो जायेगा और यह 8 अक्टूबर तक चलेगा। 8 अक्टूबर के बाद एक भी ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन नहीं किया जायेगा।

मेयर दीपक बाली ने कहा कि काशीपुर एआरटीओ में लगभग 4200 ई-रिक्शायें रजिस्टर्ड हैं जबकि क्षेत्र में 8-9 हजार ई-रिक्शाओं का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा के ठेकेदार पैदा हो गये हैं। उन्होंने 100-100 ई-रिक्शायें खरीद रखी हैं और बाहर से लोगों को बुलाकर नगर निगम क्षेत्र में ई-रिक्शा चलवाते हैं। उन्होंने कहा कि अब ऐसा नहीं हो पायेगा। अब ई-रिक्शा केवल वही व्यक्ति चला पायेगा, ई-रिक्शा जिसके नाम पर होगी। एक घर से एक व्यक्ति या दूसरा बालिग व्यक्ति जिसके नाम पर अपनी ई-रिक्शा हो, नगर निगम में रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।

बाली ने बताया कि ई-रिक्शा के रजिस्ट्रेशन के लिए पहली बार में 1000 रुपये तथा उसके अगले सालों लिए 500 रुपये प्रतिवर्ष की लाइसेंस फीस रखी गई है। वहीं प्रतिदन 25 रुपये की रसीद भी काटी जायेगी। उक्त पैसे का उपयोग ई-रिक्शा चालकों के वैलफेयर के लिए किया जायेगा। उनके लिए ई-रिक्शा स्टैंड बनवाये जायेंगे, पीने के पानी की व्यवस्था की जायेगी। उनके व उनके परिवार के लिए इलाज की व्यवस्था की जायेगी। बाली ने कहा कि अनाधिकृत ई-रिक्शाओं के हटने से पात्र ई-रिक्शा चालक की कमाई बढ़ेगी।

उन्होंने ई-रिक्शा चालकों को भरोसा दिलाया कि रजिस्टर्ड ई-रिक्शा चालक का कोई शोषण नहीं होने दिया जायेगा। दूसे वाहन चालक जैसे आटो चालक उनके साथ बदतमीजी करते हैं, उनकी सवारियों को उतार लेते हैं, उनके साथ मारपीट करते हैं, रजिस्टर्ड ई-रिक्शा चालक के साथ ऐसा करने वाले सीधे जेल जायेंगे।

वहीं, उन्होंने कल कुछ ई-रिक्शा चालकों द्वारा हड़ताल किये जाने और उनकी हड़ताल में शामिल न होने वाले ई-रिक्शा चालकों के साथ मारपीट करने वाले लोगों को चेतावनी दी कि धरना-प्रदर्शन, हड़ताल करना आपका लोकतांत्रिक हथियार है। लेकिन जो ई-रिक्शा चालक अपना रजिस्ट्रेशन कराना चाहते हैं, अपनी ई-रिक्शा चला कर अपने परिवार का पेट भरना चाहते है, यदि उनके साथ जबरदस्ती की जायेगी तो वह बर्दाश्त नहीं की जायेगी। फिर कानून अपना काम करेगा।

वहीं, उन्होंने परसों रात अल्ली खां में हुए बवाल को लेकर कहा कि नगर में अराजकता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। यदि कोई नगर में भय का माहौल उत्पन्न करने का प्रयास करेगा तो उसे कानून के जरिए सबक सिखाया जायेगा। उन्होंने कहा कि परसों हुई घटना में पुलिस पर हमला, वाहनों में तोड़फोड़ और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की गई है। सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें मुख्य आरोपी नदीम अख्तर भी शामिल हैं। बाकी आरोपियों पर भी जल्द कड़ी कार्रवाई होगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुष्कर सिंह धामी की सरकार है लिहाजा कानून हाथ में लेने वालों को कतई नहीं बख्शा जाएगा और कड़ी करवाई अमल में लायी जाएगी। मेयर ने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और भयमुक्त माहौल बनाए रखने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *