ईजा-बैंणी महोत्सव कार्यक्रम मुख्यमंत्री करेंगे 713 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
उत्तराखण्ड
30 नवम्बर 2023
ईजा-बैंणी महोत्सव कार्यक्रम मुख्यमंत्री करेंगे 713 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
हल्द्वानी। ईजा-बैंणी महोत्सव का आयोजन आज होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीएम पुष्कर सिंह धामी होंगे। वे इस दौरान जिले की करीब 713 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय का कहना है कि महोत्सव में 25 हजार महिलाओं समेत 30 हजार लोगों को आमंत्रित किया है। राज्य के 13 जिलों की 26 उत्पादों की विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। सीएम धामी 713 करोड़ की लागत की 259 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
अधिकारियों से बोलीं डीएम, चाहे घर-घर जाओ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को लेकर आओ
जिला प्रशासन ने कार्यक्रम के लिए स्वयं सहायता समूहों की 25 हजार महिलाओं को जुटाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए 600 बस, 200 छोटी गाड़ियों को अधिग्रहित भी किया है। हद तो यह है कि बसें जुटाने के लिए स्कूलों तक की छुट्टी कर दी है। स्कूलों से बस अधिग्रहित की गई हैं। प्राइवेट बसों, केमू की बसों को भी अधिग्रहित किया है। सड़क से 200 टैक्सियों का अधिग्रहण किया गया है।
बुधवार को कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण को पहुंचीं डीएम ने अधिकारियों से पूछा कि उन्होंने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को लाने के लिए क्या किया। कितनी महिलाएं आ जाएंगी। इस पर एक अधिकारी ने कहा कि कुछ महिलाएं ही कह रही हैं, कुछ न इस पर डीएम ने अधिकारियों से कहा कि चाहे घर-घर जाओ, चाहे कुछ करो महिलाओं को कार्यक्रम स्थल तक लेकर आओ। सीएम पुष्कर सिंह धामी खुली जीप में कार्यक्रम स्थल तक आएंगे। सुबह 11ः30 बजे से 2ः30 बजे तक एमबी इंटर कॉलेज में विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण कर ईजा-बैंणी महोत्सव कार्यक्रम में भाग लेंगे। सीएम धामी शाम 3ः15 बजे आर्मी हैलीपैड हल्द्वानी से देहरादून को प्रस्थान करेंगे। माई सिटी रिपोर्टर
हल्द्वानी, कालाढूंगी कोटाबाग के स्कूल आज बंद रहेंगे
एमबी इंटर कॉलेज में बुधवार को होने वाले ईजा-बैंणी महोत्सव के मद्देनजर हल्द्वानी, कालाढूंगी और कोटाबाग परगना के अंतर्गत सभी विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। प्रशासन ने कक्षाओं का संचालन वर्चुअल माध्यम से करने के निर्देश दिए हैं।
राज्यस्तरीय मातृ शक्ति के सशक्तिकरण पर जागरुकता एवं प्रोत्साहन कार्यक्रम में जिले के दूरस्थ स्थानों से भी महिलाएं पहुंचने वाली हैं। इस कारण जिले के मुख्य मार्गों में भारी भीड़ रहेगी।
हल्द्वानी क्षेत्र में भारी संख्या में वाहनों का आवागमन रहेगा और यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी, इसलिए विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए स्कूलों और विद्यालयों के ऑनलाइन संचालन के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए निजी स्कूलों से भी सहयोग मांगा गया है।
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश भगत का कहना है कि ईजा-बैंणी महोत्सव के आयोजन के लिए प्रशासन को पूरा सहयोग किया जाएगा। विद्यार्थी घर बैठे वर्चुअल और ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई करेंगे।