अयोध्या में कल भगवान श्री राम का सूर्य की किरणो से होगा अभिषेक
उत्तर प्रदेश
16 अप्रैल 2024
अयोध्या में कल भगवान श्री राम का सूर्य की किरणो से होगा अभिषेक
अयोध्या। इस वर्ष सभी भक्तों के लिए राम नवमी का पर्व खास होने जा रहा है। अयोध्या में भव्य मंदिर में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह पहली राम नवमी है। राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम नवमी की विशेष तैयारियां की हैं। इसके तहत राम नवमी के दिन रामलला का सूर्य तिलक किया जाएगा। इसके लिए 17 अप्रैल दोपहर 12.00 बजे का समय तय किया गया है। इसी समय राम लला का सूर्य अभिषेक किया जाएगा। दोपहर 12 बजे सूर्य की किरणें राम लला के मस्तक पर पड़ेंगी। निरंतर चार मिनट तक किरणें राम लला के मुख मंडल को प्रकाशमान करेंगी। राममंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि श्रीराम लला का सूर्य तिलक करने की तैयारी संपूर्ण परिश्रम से हो रही है। संभव है कि राम नवमी पर वैज्ञानिकों का प्रयास फलीभूत हो जाए। तकरीबन 100 एलईडी स्क्रीन के जरिए इसका सीधा प्रसारण किया जाएगा। सूर्य तिलक मैकेनिज्म का उपयोग पहले से ही कुछ जैन मंदिरों और सूर्य मंदिरों में किया जा रहा है। हालांकि, उनमें अलग तरह की इंजीनियरिंग का प्रयोग किया गया है। राम मंदिर में भी मैकेनिज्म वही है, लेकिन इंजीनियरिंग बिल्कुल अलग है।
UK Vaarta के व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े और पढ़ते रहे https://chat.whatsapp.com/HGxHUe3rLNFHsyX2y0ur6k