हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में हुई दो बड़ी चोरियों का खुलासा
उत्तराखण्ड
5 अप्रैल 2026
हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में हुई दो बड़ी चोरियों का खुलासा
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में हुई दो बड़ी चोरियों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस और एसओजी टीम ने एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार किया है. वहीं ऑपरेशन प्रहार के तहत झपटमार गिरोह का भी पर्दाफाश हुआ है, टीम द्वारा एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिक को कस्टडी में लिया गया है. गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है.
हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं का थाना पुलिस ने सफल खुलासा किया है. एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुखानी पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान मुंशी राम निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है. उसके कब्जे से करीब 9 लाख रुपये से अधिक की ज्वैलरी और नकदी बरामद की गई है.
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पेशे से राजमिस्त्री है और काम के दौरान घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था. इस मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने करीब 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले, जिसके बाद आरोपी तक पहुंच संभव हो पाई. पूछताछ में आरोपी ने हिमाचल प्रदेश में हुई 9 बड़ी चोरियों को भी कबूल किया है. आरोपी उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हिमाचल और हरियाणा समेत कई राज्यों में वारदातों को अंजाम दे चुका है. पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है.
वहीं ऑपरेशन प्रहार के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने झपटमार गिरोह का भी भंडाफोड़ किया है. गिरोह रोडवेज बस स्टैंड और बाजार क्षेत्रों में सक्रिय था और लोगों को निशाना बनाता था. पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लूटे गए 6 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. जांच में सामने आया कि यह गिरोह रात के समय सक्रिय होकर गैंग बनाकर झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देता था.


