रामनगर के पूछड़ी में अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई शुरू
उत्तराखण्ड
7 दिसम्बर 2025
रामनगर के पूछड़ी में अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई शुरू
रामनगर। रामनगर के पूछड़ी क्षेत्र में वन विभाग की रिजर्व फॉरेस्ट भूमि से अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई आज सुबह 5.30 बजे से शुरू हो गई है. इस कार्रवाई के तहत 90 से अधिक परिवारों को हटाया जा रहा है. शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक नैनीताल के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है. पूरे क्षेत्र में जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और मीडिया को भी कार्रवाई स्थल पर जाने से रोक दिया गया है.
वन विभाग के डीएफओ प्रकाश आर्य ने बताया कि अपर कोसी ब्लॉक क्षेत्र में कुल 170 परिवारों को बेदखली का नोटिस दिया गया था. इनमें से कुछ परिवार पहले ही स्वेच्छा से अपने घर खाली कर चुके थे. वर्तमान में करीब 130 परिवार बचे थे, जिनमें से लगभग 40 परिवार न्यायालय चले गए हैं, जबकि शेष 90 परिवारों पर आज कार्रवाई की जा रही है. कार्रवाई के दौरान लोग अपने मवेशियों को लेकर इधर-उधर भागते नजर आए, वहीं स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा हल्का बल प्रयोग भी किया गया है. पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है.
गौर हो कि कुछ वर्ष पूर्व तराई पश्चिमी वन प्रभाग ने रामनगर नगर पालिका को कूड़ा निस्तारण (ट्रेंचिंग ग्राउंड) के लिए करीब एक हेक्टेयर भूमि उपलब्ध कराई थी. इसके बदले नगर पालिका ने वन विभाग को लगभग एक करोड़ रुपये की धनराशि दी. जबकि उक्त भूमि पर कई लोगों ने अवैध कब्जा कर खेती की जा रही है, जिससे सरकारी योजना धरातल पर नहीं उतर पा रही थी. वन विभाग ने पूर्व में भी अवैध कब्जों को चिन्हित किया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.
बीते दिन अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार कत्याल, एसडीओ वन विभाग किरण शाह, राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र का व्यापक सर्वे किया था. टीम ने सर्वे के दौरान ड्रोन कैमरे से अतिक्रमण को चिन्हित किया था. प्रशासन की टीम के साथ कुछ लोगों की नोकझोंक भी हुई थी. जिसके बाद से लोगों में अतिक्रमण पर कार्रवाई की सुगबुगाहट तेज थी.


