मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा, हल्द्वानी के चार युवकों की मौत, एक घायल

गोपाल ठाकुर – संवाददाता
उत्तराखण्ड
16 मार्च 2026
मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा, हल्द्वानी के चार युवकों की मौत, एक घायल
मुरादाबाद। पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा हुआ है. मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मनकरा मोड़ के पास सोमवार को दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर हुई सड़क दुर्घटना में उत्तराखंड के नैनीताल और हल्द्वानी के चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. एक युवक गंभीर रूप से घायल है. घायल को मुरादाबाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे की वजह ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार की टक्कर बतायी जा रही है. सड़क हादसे का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त है. अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं.
मुरादाबाद में भीषण सड़क हादसा- मुरादाबाद के थाना मूंढापांडे एसएचओ मोहित कुमार ने बताया कि क्षेत्र के मनकरा मोड़ के पास दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर कार और ईंट लदी ट्रैक्टर ट्रॉली के भिड़ंत की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला.
हादसे में उत्तराखंड के चार युवकों की मौत – हादसा इतना भीषण था कि चार युवक अचेत थे. एक युवक गंभीर रूप से घायल था. आनन फानन में सभी को सामुदायिक केंद्र पहुंचाया गया. डॉक्टर ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप रूप से घायल युवक को मुरादाबाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है. उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है.
कार चालक को आ गई थी नींद! प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा कार चालक को नींद की झपकी आने के कारण हुआ. चलते वाहन में चालक को झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित हो गई. तेज रफ्तार कार आगे चल रही ईंट लदी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई. ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराते ही कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
मुरादाबाद पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त कर ली है. मृतकों में-
अनिल नेगी, निवासी हल्द्वानी
सुंदर सिंह, निवासी हल्द्वानी
भुवन भंडारी, निवासी हल्द्वानी
दयाल सिंह, निवासी हल्द्वानी
घायल युवक का नाम यशदीप पांडे, निवासी हल्द्वानी बताया गया है.


