उत्तराखंड

मिसेज इंडिया कांटेस्ट के फाइनल में उत्तराखंड की अंजू सती

उत्तराखण्ड
30 नवम्बर 2024
मिसेज इंडिया कांटेस्ट के फाइनल में उत्तराखंड की अंजू सती
देहरादून। महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में काम कर रही संस्था प्राइड ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित मिसेज इंडिया कांटेस्ट के फाइनल में उत्तराखंड की कर्णप्रयाग की रहने वाली अंजू सती ने जगह बना ली है। इससे पहले उन्होंने दो माह पूर्व मिसेज उत्तराखंड का खिताब जीतकर राज्य का नाम रोशन किया था। अब 21 दिसंबर को दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अंजू सती उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।

इस कांटेस्ट के फाइनल में देशभर के 29 राज्यों की प्रतिभागी महिलाएं हिस्सा लेंगी। फाइनल के दौरान साक्षात्कार, टैलेंट राउंड और रैंप वॉक जैसे विभिन्न चरणों में प्रतियोगिता आयोजित होगी। आयोजन का मुख्य आकर्षण फिल्म अभिनेत्री भाग्यश्री होंगी, जो मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी।

महिला सशक्तीकरण में सक्रिय भूमिका
अंजू सती वर्तमान में महिला सशक्तीकरण के लिए कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि वे उन महिलाओं की प्रेरणादायक कहानियों को सामने ला रही हैं, जो इस क्षेत्र में उल्लेखनीय काम कर रही हैं। इसके लिए उन्होंने कई सफल महिलाओं की कहानियों के वीडियो बनाकर प्राइड ऑफ इंडिया संस्था को भेजे हैं, जिनके आधार पर उन्हें अतिरिक्त अंक प्राप्त होंगे।

उत्तराखंड की संस्कृति को करेंगी प्रदर्शित
दिल्ली के पश्चिम विहार में 19 से 21 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस फाइनल के लिए अंजू पूरी तैयारी में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि इस मंच पर वह उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और पहनावे को खास तौर पर प्रदर्शित करेंगी।

इस उपलब्धि के साथ अंजू ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत के बल पर हर सपना पूरा किया जा सकता है। उनका यह कदम न केवल उत्तराखंड की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती देगा, बल्कि अन्य महिलाओं को भी प्रेरित करेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *