फरार चल रहे अनूप अग्रवाल उर्फ लाला अचानक काशीपुर कोतवाली पहुंचे
उत्तराखण्ड
15 मार्च 2026
फरार चल रहे अनूप अग्रवाल उर्फ लाला अचानक काशीपुर कोतवाली पहुंचे
रुद्रपुर। उत्तराखंड में लंबे समय से चर्चा में रहे ‘लाला’ कांड ने शनिवार को नाटकीय मोड़ ले लिया, जब फरार चल रहे अनूप अग्रवाल उर्फ लाला अचानक काशीपुर कोतवाली पहुंच गए. खास बात यह रही कि वह गदरपुर विधायक अरविंद पांडे और वकीलों की टीम के साथ खुद कोतवाली पहुंचे. जिसके बाद उन्होंने पुलिस के सामने सरेंडर किया. महीनों से पुलिस जिस व्यक्ति की तलाश का दावा कर रही थी, उसके इस तरह सामने आने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं.
बताया जा रहा है कि अनूप अग्रवाल गदरपुर विधायक अरविंद पांडे के साथ काशीपुर कोतवाली पहुंचे. उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक और कई वरिष्ठ अधिवक्ता भी मौजूद थे. कोतवाली पहुंचने के बाद उन्होंने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया. अपने बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई.
दरअसल, पिछले कई महीनों से पुलिस अनूप अग्रवाल की तलाश में दबिश देने और लगातार कार्रवाई करने का दावा कर रही थी. पुलिस की ओर से यह कहा जा रहा था कि आरोपी फरार है. उसकी तलाश की जा रही है, लेकिन इतने लंबे समय तक पुलिस के हाथ खाली रहने के बाद अचानक आरोपी का खुद कोतवाली पहुंच जाना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहा है.
मामले में यह भी सामने आया है कि अनूप अग्रवाल ने न्यायालय की शरण ली थी. उच्च न्यायालय के आदेश के बाद ही वह पुलिस के सामने पेश हुए हैं. माना जा रहा है कि हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद ही उन्होंने काशीपुर कोतवाली पहुंचकर अपना पक्ष रखने का फैसला किया.
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान राजनीतिक हलकों में भी हलचल देखी गई. गदरपुर विधायक अरविंद पांडे पहले से ही इस मामले को लेकर पुलिस पर सवाल उठाते रहे हैं. उनका कहना था कि पुलिस इस मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है.
वहीं मामले को लेकर सीओ काशीपुर-बाजपुर वैभव सैनी ने बताया अनूप अग्रवाल काफी समय से फरार चल रहे थे. उन्होंने न्यायालय में शरण ली थी. अब न्यायालय के निर्देशों के क्रम में वह कोतवाली पहुंचे हैं. यहां उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं. उनसे पूछताछ की जा रही है. सीओ ने बताया कि मामले से संबंधित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. विवेचना जारी है. पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


