उत्तराखंड

प्रधानमंत्री कार्यक्रम के तहत 14 अप्रैल का रूट प्लान

उत्तराखण्ड
10 अप्रैल 2026
प्रधानमंत्री कार्यक्रम के तहत 14 अप्रैल का रूट प्लान
देहरादून। देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम 14 अप्रैल के मद्देनजर पुलिस ने रूट प्लान तैयार कर लिया है. जिसके तहत जिला प्रशासन ने आशारोड़ी से गढ़ी कैंट तक 13 जोन में रूट बांटा है. इसी कड़ी में डीएम बंसल ने जोनल, सेक्टर और नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए. वहीं, रूट पर भव्य सांस्कृतिक दल एवं लोक वाद्य यंत्रों के साथ स्थानीय संस्कृति की झलक दिखाई जाएगी.

सहारनपुर, रुड़की और दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए ट्रैफिक प्लान-
देहरादून शहर क्षेत्र से सहारनपुर, रुड़की और दिल्ली जाने वाले वाहन शिमला बाईपास तिराहा से नयागांव रोड होते हुए धर्मावाला चौक से बेहट होते हुए अपने गंतव्य के लिए जाएंगे.
रिस्पना पुल से जोगीवाला होते हुए लालतप्पड़ से रायवाला होकर हरिद्वार होते हुए अपने गंतव्य के लिए जाएंगे.

देहरादून शहर से छुटमलपुर और बिहारीगढ जाने वाले वाहनों के लिए रूट प्लान-
शिमला बाईपास तिराहा से नया गांव रोड होते हुए धर्मावाला चौक से शाकुंबरी देवी होकर छुटमलपुर से अपने गंतव्य को जाएंगे.

दिल्ली, सहारनपुर, रुड़की और छुटमलपुर से देहरादून और मसूरी आने वाले वाहनों के लिए रूट प्लान-
छुटमलपुर से बेहट होते हुए धर्मावाला चौक होकर प्रेमनगर होकर ठाकुरपुर हाईवे से प्रेमनगर चौक होते हुए बल्लुपूर चौक से अपने गंतव्य के लिए जाएंगे.

14 अप्रैल को बंद रहे ये मार्ग-
14 अप्रैल को वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर रुड़की से वाया भगवानपुर होते हुए देहरादून और देहरादून से वाया भगवानपुर होते हुए रुड़की जाने वाला मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा.

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून भ्रमण और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में आज भ्रमण कार्यक्रम की अलग-अलग व्यवस्थाओं को लेकर तैनात सभी जोनल, सेक्टर और नोडल अधिकारियों की बैठक लेते हुए समय से सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने के निर्देश दिए.

पीएम मोदी के कार्यक्रम में हजारों की संख्या में आमजनता के शामिल होने की संभावना है. ऐसे में चिह्नित स्थलों पर पेयजल, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, लॉ एंड ऑडर व्यवस्था, बैरिकेडिंग, स्वच्छता व्यवस्था चाक चौबंद किया जा रहा है. इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए पूरे मार्ग पर सुरक्षा इंतजाम पुख्ता किए जा रहे हैं.

वहीं, गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पंडाल में आमजन के बैठने की व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, पेयजल, सूक्ष्म जलपान और मोबाइल शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी जुटाई जा रही है. सभी तैनात जोनल, सेक्टर और संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने को कहा गया है.

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे मोदी- गौर हो कि पीएम मोदी की ओर से 14 अप्रैल को गणेशपुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया जाना प्रस्तावित है. जिला प्रशासन ने पूरे रूट को 13 जोन में बांटकर जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *