उत्तराखंड

पुलिस ने किया मलखान कोली हत्याकांड का खुलासा

उत्तराखण्ड
19 जनवरी 2026
पुलिस ने किया मलखान कोली हत्याकांड का खुलासा
रुद्रपुर I कोतवाली पुलिस ने मलखान कोली हत्याकांड का खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है. 14 जनवरी को नशा करने के दौरान मृतक और अन्य दो लोगों के बीच विवाद हो गया था. जिसके कारण आरोपियों ने पहले उसके सर में डंडे से प्रहार किया. ईंट से उसके सर और चेहरे में एक के बाद एक प्रहार कर उसे मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक भी कब्जे में ले ली है.

रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने दो दिन पूर्व फाजलपुर महौरोला स्थित खंडहरनुमा भवन के पास झाड़ियों में मिले रमपुरा निवासी मलखान कोली की मौत से पर्दा उठा दिया है. पुलिस ने मलखान कोली की डंडे और ईंट पत्थर से कुचल कर हत्या करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. 16 जनवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि फाजलपुर महोरोला में एक खंडहर के पास झाड़ियों में एक शव पड़ा है. सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मृतक के सर और चेहरे को ईंट और पत्थर से कुचलने का प्रयास किया गया था.

घटनास्थल पर पुलिस को खून के धब्बे भी मिले. जिसके बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य संकलन किये. मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दो शख्स को हिरासत में लेते हुए पूछताछ की. दोनों व्यक्ति पुलिस टीम के सामने टूट गए. मलखान कोली की ईंट और पत्थर मार कर हत्या करना कुबूल किया.

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अमित कोली उर्फ अमिताभ निवासी वार्ड संख्या 22, रम्पुरा, थाना रुद्रपुर, उम्र लगभग 31 वर्ष और वीरपाल निवासी वार्ड संख्या 22, रम्पुरा, गुरुद्वारा रोड, रुद्रपुर, उम्र लगभग 20 वर्ष बताया है. दोनों अभियुक्तों को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल स्प्लेंडर प्लस संख्या UK-06AY-9907 सहित प्रीत विहार शनि मंदिर के पास, रम्पुरा से गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया लोहड़ी के दिन शराब व नशे के दौरान आपसी विवाद हो गया था. इसी दौरान वीरपाल ने मृतक मलखान सिंह के साथ मारपीट कर डंडे एवं पत्थर से सिर पर वार किया. जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई. घटना के बाद दोनों अभियुक्त मौके से फरार होकर अपने-अपने घर चले गए थे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *