खुशखबरी: रामगंगा नदी के दूसरे छोर पर फुलई चौड़ क्षेत्र में पर्यटक ले सकेंगे जंगल सफारी का आनंद
उत्तराखण्ड
28 दिसम्बर 2025
खुशखबरी: रामगंगा नदी के दूसरे छोर पर फुलई चौड़ क्षेत्र में पर्यटक ले सकेंगे जंगल सफारी का आनंद
रामनगर। पर्यटकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी कॉर्बेट टाइगर रिजर्व घूमने आने वाले अब बहुत जल्द रामगंगा नदी के दूसरे छोर पर स्थित फुलई चौड़ क्षेत्र में भी जंगल सफारी का आनंद ले सकेंगे. इसके लिए कॉर्बेट पार्क प्रशासन द्वारा अस्थायी पुल का निर्माण किया जा रहा है, जिसका कार्य तेजी से चल रहा है.
जानकारी देते हुए कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि ढिकाला जोन कॉर्बेट का सबसे लोकप्रिय पर्यटन क्षेत्र है. इसी ढिकाला जोन में स्थित फुलई चौड़ एक अत्यंत समृद्ध वन्यजीव क्षेत्र है, जो रामगंगा नदी के पार स्थित है, बरसात के मौसम में रामगंगा नदी का जलस्तर काफी बढ़ जाने के कारण इस क्षेत्र में सफारी बंद रहती है. लेकिन हर वर्ष की तरह इस बार भी जैसे ही नदी का जलस्तर कम हुआ है, पार्क प्रशासन ने अस्थायी पुल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
डॉ. बडोला ने बताया कि हाल ही में नदी के जलस्तर और भू-आकृति का सर्वे किया गया है, सर्वे में यह सामने आया है कि इस बार रामगंगा नदी का फैलाव पहले की तुलना में अधिक हो गया है, इसी कारण इस बार बनने वाला अस्थायी पुल पहले की अपेक्षा लगभग दोगुनी लंबाई का बनाया जा रहा है. फिलहाल पुल निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है और उम्मीद है कि अगले 10 दिनों के भीतर इसे पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा.
उन्होंने कहा कि पुल के तैयार होते ही ढिकाला जोन में आने वाले पर्यटक रामगंगा नदी के पार स्थित फुलई चौड़ क्षेत्र में भी सफारी कर सकेंगे. इससे न केवल पर्यटकों को नए और रोमांचक सफारी रूट मिलेंगे, बल्कि वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में और नजदीक से देखने का अवसर भी मिलेगा. पार्क प्रशासन के अनुसार फुलई चौड़ क्षेत्र में हाथी, हिरण, सांभर, बाघ और अन्य वन्यजीवों की अच्छी मौजूदगी रहती है. ऐसे में सफारी मार्ग खुलने से कॉर्बेट पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा.
स्थानीय पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों ने भी इस फैसले का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा.कुल मिलाकर, अस्थायी पुल का निर्माण पूरा होते ही कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में सफारी का दायरा और भी विस्तृत हो जाएगा, जो पर्यटकों के लिए एक यादगार अनुभव साबित होगा


