काशीपुर में डेंगू का दूसरा संदिग्ध मरीज मिला
उत्तराखण्ड
30 अगस्त 2025
काशीपुर में डेंगू का दूसरा संदिग्ध मरीज मिला
काशीपुर। काशीपुर में डेंगू का दूसरा संदिग्ध मरीज मिला है। मरीज को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। हालांकि अभी मरीज की एलाइजा जांच नहीं हुई है। बावजूद इसके नगर निगम ने अभी तक दवा का छिड़काव शुरू नहीं कराया है।
मोहल्ला कटरा मालियान निवासी एक युवक टेलर है। वह एक बुटीक पर पकड़े सिलने का काम करता है। एक करीब सप्ताह से उसे बुखार की शिकायत थी। उसने शिव नगर में एक चिकित्सक से दवा ली, लेकिन आराम नहीं मिला। बुधवार को परिजनों ने उसे एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय में चिकित्सक को दिखाया। जांच कराने पर डेंगू के लक्षण मिले। उस समय प्लेट्लेटस 45 हजार थी। मरीज का इलाज जनरल फिजिशियन डॉ. वरुण भारद्वाज की देखरेख में इलाज चल रहा है। उनका कहना है कि एलाइजा जांच के बाद ही मरीज में डेंगू की पुष्टि हो पाएगी। मरीज की हालत नाजुक बनी हुई है, हालांकि चिकित्सक मरीज के स्वास्थ्य में सुधार बता रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि उसकी मां और बुटीक में भी कुछ लोगों को बुखार आ रहा है। पिछले सप्ताह जसपुर खुर्द निवासी एक मरीज डेंगू का पाया जा चुका है। बारिश थमने के बाद कॉलोनियों में जगह-जगह खाली भूखंडों में जलभराव हो रखा है। बावजूद इसके नगर निगम की ओर से स्पे नहीं कराया जा रहा है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह साहनी ने बताया कि डेंगू मरीज के घर पर एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया जाएगा। जसपुर खुर्द निवासी मरीज के घर पर छिड़काव करा दिया गया है।


